रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएम पुनिया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नाथूराम गोडसे की तुलना करने को कांग्रेस की विकृत राजनीतिक मानसिकता का परिचायक बताया है। उसेंडी ने कहा कि ऊलजलूल बयानबाजी करके कांग्रेस नेता न केवल संविधान की गरिमा और राजनीतिक मतभेदों की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं, बल्कि अपने मानसिक असंतुलन का प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झूठ-फरेब और कपटपूर्ण राजनीतिक चरित्र का परिचय देते हुए कांग्रेस के नेता अब अपनी भाषा पर भी संयम खोते जा रहे हैं।
क्या गोडसे के बिना कांग्रेस विचारशून्य हो जाती है
उसेंडी ने कहा कि नाथूराम गोडसे भाजपा के विचारों तक में कभी नहीं रहा, जबकि कांग्रेस के लोग दिन-रात जिस तरह भाजपा को कोसने के लिए गोडसे के नाम की माला जप रहे हैं, उससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या गोडसे के बिना कांग्रेस विचारशून्य हो जाती है? कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गोडसे का प्रभाव हो सकता है और शायद इसीलिए वह वैसा ही सोच रही है।
संवैधानिक संस्थाओं के प्रति मर्यादा और सम्मान का भाव
भाजपा की राजनीतिक संस्कृति में न केवल व्यक्ति, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं के प्रति मर्यादा और सम्मान का भाव व्यक्त करने का संस्कार है। इसी वजह से प्रधानमंत्री मोदी संसद में पहली बार प्रवेश करते समय उसकी सीढ़ियों को प्रणाम करते हैं, संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान को नमन करते हैं।
उन्होंने कहा कि विध्वंस और संवैधानिक व लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को नष्ट-भ्रष्ट करके सियासत करने का काला इतिहास कांग्रेस का रहा है और जैसे कर्म कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किए हैं, उसी नजरिये से वे भाजपा के शासनकाल की तुलना करने की भूल कर रहे हैं।